राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (रा.वि.सं.प.)

संस्कृति मंत्रालय , भारत सरकार

North Bengal Science Centre

उत्तर बंगाल विज्ञान केन्द्र, सिलीगुड़ी राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत एक विज्ञान केन्द्र है जो समाज के सभी वर्गो मे वैज्ञानिक चेतना और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास हेतु प्रयासरत है ताकि विज्ञान और प्रौध्योगिकी में प्रगति का जन जन को लाभ मिल सके और सही अर्थों में समाज का विकास हो सके। 17 अगस्त 1997 को अपनी स्थापना से अब तक विज्ञान केन्द्र ने समाज में गहरी पैठ स्थापित कर ली है और बंगाल और निकटवर्ती प्रदेशों बिहार, भूटान और नेपाल से 2.7 लाख से ज्यादा पर्यटक प्रतिवर्ष यहाँ घूमने के लिए आते हैं।

उत्तर बंगाल विज्ञान केन्द्र सिलीगुड़ी शहर से करीब चार किलोमीटर दूर माटीगाड़ा क्षेत्र में स्थित है। यहाँ पर मुख्य आकर्षणों में डिजिटल प्लेनेटेरियम, त्रिआयामी फिल्म थियेटर, विज्ञान शो (अतिशीतित द्रव, रोचक बुलबुले, विस्मयकारी रसायन, अप्रत्याशित विज्ञान) तारामंडल शो और अन्य दर्शक दीर्घाएँ और विज्ञान उद्यान है। एकदम प्रवेश द्वार के पास ही एक विशाल डायनासोर आगन्तुकों का स्वागत करता है; फिर वे विज्ञान उद्यान और दर्शक दीर्घाओं का आनंद उठा सकते हैं।

विज्ञान केन्द्र में उपलब्ध दर्शक दीर्घाओं में लोकप्रिय विज्ञान दीर्घा, जीवन विज्ञान दीर्घा, भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी और प्रकृति प्रस्तुतीकरण दीर्घाएँ उल्लेखनीय है। प्रकृति प्रस्तुतीकरण दीर्घा में उत्तर बंगाल के जैविक संसाधनों और यहाँ के लोकजीवन और लोक भाषाओं को बड़े रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। लोकप्रिय विज्ञान दीर्घा में दर्पण के सिद्धांत, गणित, ध्वनि और विद्युत चुम्बकत्व के सिद्धांतों को आसानी से समझाया गया है। सम्पूर्ण भ्रमण में आगंतुक प्रदशों के साथ खेल-खेल में विज्ञान के नियमों को समझते और सीखते हैं।